Tuesday, 8 April 2014

गणगौर;तब और अब

बचपन मे जब भी प्रेमचंद की ईदगाह पढ़ता था तो इसे अपने यहाँ होने वाले गणगौर के साँचे में फिट करके देखता था। हालांकि हमारे मेले मे मैंने मिट्टी का भिश्ती कभी नहीं देखा। क्योकि मुंशी प्रेमचंद और हमारे बीच के पीढ़ियो के अंतराल ने खिलोनों का प्लास्टिककरण कर दिया था। ओर उन्ही खिलोनों का अब इलेक्ट्रोनिककरण भी हो गया है। चाबी से चलने वाले खिलौने हालांकि अब भी उपलब्ध है लेकिन सेल से चलने वाले उपकरण अब सुलभ हो गए है। स्प्रिंग के सहारे प्लास्टिक की स्टिक पर फुदक कर चलने वाले बंदर का रोमांच अब नहीं रहा और समाज मे बंदर का महत्व भी। काफी खोज अन्वेषण के बाद भी उस बंदर को न खोज पाने से निराश हुआ। दूध की रबड़ी अपने मूल स्वरूप मे मोजूद थी परन्तु अपेक्षाकृत सस्ती कोल्ड्ड्रिंक्स की एक बड़ी रेंज ने उसे लोगो के मुह से दूर ही बनाए रखा। इन सब के बीच न कुछ चीजे जैसे कचोरी,समोसा,दहि-बड़े अपने अस्तित्व को बचाने मे सफल भी रहे है बल्कि पाव-भाजी,आलू-टिकिया आदि कुछ शहरी खाद्य भी अपनी मोजूदगी दर्ज करा रहे है। स्मार्टफोंन और प्लेस्टेशन के युग मेँ बच्चे प्लास्टिक के खिलोनों को किस नजर से देखते होंगे नहीं मालूम। पर मेले मे जाने का जुनून अब भी कम नहीं हुआ है। मे सोचता हु की शायद भीड़ देखने के लिए ही लोग मेले मेँ जाते हैं इसलिए शहरों की प्रासंगिकता हमेशा से बनी हुई है। गलियों मे लोगों के हुजूम और सजे हुए बाजार को देखकर शहरी आभास होने लगता है और इसी आभास को महसूस करने के लिए लोग शायद मेले मे आते हैं। हर गाव अब शहर हो जाना चाहता है। पावभाजी और आलू-टिकिया इसी भावना की पुष्टि करते नजर आते हैं,अगली बार अगर चाउमीन और मोमोज भी नजर आ जाए तो हैरत नहीं। मेले के शोरगुल मे ठेले के पास माइक लिए खड़ी एक छोटी सी लड़की दस रुपए मे दो दहि-बड़ो का संदेश देती थक नहीं रही थी उसका यह कलाप पूरे मेले के दौरान जारी रहा। माइक हाथ मे होने का विजयी एहसास चेहरे पर साफ नजर आ रहा था,वह नरेंद्र मोदी से कम तो बिलकुल महसूस नहीं कर रही थी। मेले मे गाय का घुस आना और लोगों का तितर-बितर होना साधारण प्रक्रिया है और यह रूटीन मे घटित होती रहती है। महिलाओ की अगर बात करें तो मेलों मे महिलाओं की संख्या बहस का बिन्दु है और उनके आने का कारण शौध का विषय। फिर भी बक़ौल अनुभव मेलों मे महिलाओं की हिस्सेदारी अधिक रहती है। समय के साथ बदलाव निश्चित है और उम्र के साथ मेले मेँ जाने के कारण व रुचि के विषय भी बदलते रहते है। पीढ़ियों के साथ मेलों की विषयवस्तु बदली है और समाज की परिस्थितियाँ भी पर मुंशी प्रेमचंद की प्रासंगिकता अब भी कायम है। हो सकता है की इस समय भी कोई हामिद किसी ईदगाह के मेले मेँ अपनी माँ के लिए चिमटा खरीद रहा होगा।

No comments:

Post a Comment

इश्क और उसके बाद

कुछ भी लिखना बहुत कठिन है उंगलियों में गुदगुदी होने लगती है लेकिन एक शब्द या एक वाक्य के बाद उतना ही सहज और सरल भी । एक ही वक्त में एक ही इ...